Seoni (M.P): History & Tourist Places in Hindi
सिवनी (Seoni) भारत के मध्य प्रदेश राज्य के सिवनी ज़िले में स्थित एक नगर है। यह ज़िले का मुख्यालय भी है। सिवनी सतपुड़ा पठार के एक संकीर्ण, उत्तर-दक्षिण खंड पर स्थित है और अक्षांश 21 36 ′ और 22 57′ उत्तर और देशांतर 79 19 ′ और 80 17 देशांतर के बीच स्थित है।
Seoni (M.P): History, Facts & Tourist Places in Hindi
राज्य | मध्य प्रदेश |
क्षेत्रफल | 8758 वर्ग किमी. |
भाषा | हिंदी और इंग्लिश |
दर्शनिय स्थल | अमोदागढ़, भीमगढ़ संजय सरोवर बांध, पेंच टाईगर रिजर्व आदि। |
सम्बंधित लेख | मध्य प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थल |
कब जाएं | अक्टूबर से मार्च। |
मध्य प्रदेश के सिवनी जिले का गठन 1 नवंबर 1956 को किया गया था। यह जिला जबलपुर डिवीजन के दक्षिण में उत्तर-दक्षिण सतपुड़ा पठार के संकर हिस्से में स्थित है। जिले के नाम की उत्पत्ति सिवना शब्द से हुई है जो वृक्ष की एक प्रजाति है। यह पेड़ इस जिले में बहुतायत मात्रा में पाया जाता है। इस पेड़ की लकड़ी का प्रयोग ढोलक बनाने के लिए किया जाता है।
8758 वर्ग किमी. के क्षेत्रफल में फैला यह जिला लकड़ी का मुख्य स्रोत है। वेनगंगा इस जिले की जीवनदायिनी नदी है। एशिया का सबसे बड़ा मड डैम इसी नदी पर बना है। पेंच राष्ट्रीय पार्क जिले का मुख्य आकर्षण है, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटकों का आना-जाना लगा रहता है।
अमोदागढ़– यह स्थान अमोदागढ़ में सिवनी-मांडला राज्य राजमार्ग पर स्थित है। सोना रानी का महल यहां का मुख्य आकर्षण है। अमोदागढ़ सिवनी से 32 किमी. और छुई से 10 किमी. की दूरी पर स्थित है। यहां के जंगल में अनेक खूबसूरत स्थल हैं। इस स्थान को जंगल बुक के लोकप्रिय पात्र मोगली का कार्यस्थल माना जाता है।
भीमगढ़ संजय सरोवर बांध– वेनगंगा नदी पर बने इस बांध को एशिया का सबसे बड़ा मड डेम कहा जाता है। बांध का जल जिले की सिंचाई का प्रमुख स्रोत है। पिछले कुछ समय में इस स्थान को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया गया है और यहां नौकायन की सुविधा भी मुहैया हैं। अब इस बांध से विद्युत का उत्पादन भी किया जा रहा है।
पेंच टाईगर रिजर्व– उत्तर से दक्षिण में बहने वाली पेंच नदी के कारण इस स्थान का नाम पड़ा। सिवनी और छिंडवाड़ा जिले में दक्षिणी सतपुड़ा के छोर में यह रिजर्व स्थित है। जीव-जंतुओं से समृद्ध इस खूबसूरत स्थल का उल्लेख लोकप्रिय पर्यावरणविद कैप्टन जे. फोरसिथ और रूडयार्ड किपलिंग के जंगल बुक पुस्तक में भी मिलता है।
1992 में इस स्थान को 19वां प्रोजेक्ट टाईगर रिजर्व घोषित किया गया था। टाईगर, तेंदुए, चीतल, गौर, चौसिंहा, बार्किंग डीयर, सांभर, नीलगाय, भेड़िए आदि जानवरों को यहां घूमते हुए देखा जा सकता है। इसके अलावा पक्षियों, वनस्पतियों और सरीसृपों की विविध प्रजातियां भी यहां पाई जाती हैं।
सिवनी कैंसे पहुंचे (How To Reach Seoni)
वायु मार्ग– नागपुर का सोनेगांव एयरपोर्ट सिवनी का नजदीकी एयरपोर्ट है जो पेंच राष्ट्रीय पार्क से 92 किमी. दूर है। दिल्ली, मुबंई आदि शहरों से यहां के लिए नियमित फ्लाइट्स हैं। जबलपुर का एयरपोर्ट यहां से करीब 192 किमी. दूर है।
रेल मार्ग– महाराष्ट्र का नागपुर रेलवे स्टेशन सिवनी का करीबी रेलवे स्टेशन है जो देश के अनेक हिस्सों से अनेक ट्रेनों के माध्यम से जुड़ा है। गोंडवाना एक्सप्रेस, बैंगलोर राजधानी एक्सप्रेस, सेवाग्राम एक्सप्रेस, विदर्भ एक्सप्रेस आदि ट्रेनें इसे अन्य हिस्सों से जोड़ती हैं।
सड़क मार्ग– राष्ट्रीय राजमार्ग सिवनी को जबलपुर, नागपुर आदि शहरों से जोड़ता है। मध्य प्रदेश और अनेक पड़ोसी राज्यों से यहां के लिए नियमित बसों की व्यवस्था है। नागपुर से करीब 2 और जबलपुर से करीब 4 घंटे में सिवनी पहुंचा जा सकता है।
कहां ठहरें– सिवनी में ठहरने के लिए होटलों का अभाव है। इसके निकटतम एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन नागपुर में ठहरने के लिए बेहतरीन होटलों की व्यवस्था है।